कस्तूरबा विद्यालय में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

ईचागढ़, 21 नवंबर : ईचागढ़ प्रखंड़ के टीकर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में जिला विधिक सेवा प्राधिकार सरायकेला खरसावां की ओर से विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। विधिक जागरूकता शिविर मे अधिकार मित्र कार्तिक गोप के द्वारा छात्राओं को उनके हक, अधिकार और कर्तव्यों की जानकारी दी गई। शिविर में छात्राओं को साइबर क्राइम, नालसा टोल फ्री नंबर 15100, बाल विवाह, बाल श्रम एवं पालन पोषण योजना की जानकारी दी गई। इसके साथ ही छात्राओं को कानून से संबंधित विभिन्न जानकारी दी गई।
मौके पर विद्यालय की छात्राओं को निमोनिया बीमारी से संबंधित जानकारी देते हुए स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने की सलाह दी गई। बताया गया कि निमोनिया फेफड़े का गंभीर संक्रमण है, जिसे हर उम्र के लोग प्रभावित होते है। हालांकि छोटे बच्चे, बुजुर्ग और कमजोर प्रतिरक्षा वाले व्यक्ति इस रोग के जोखिम के दायरे में अधिक आते है। इस अवसर पर शिक्षिका मौसमी महतो एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं।



