राज्यपाल करेंगे विवेकानंद केंद्र सेवा एवं प्रशिक्षण प्रकल्प भवन का लोकार्पण, तैयारी पूरी

चांडिल, 17 नवंबर : विवेकानंद केंद्र सेवा एवं प्रशिक्षण प्रकल्प भवन का लोकार्पण केंद्र के मार्गदर्शक स्वर्गीय एकनाथ रानादे की जयंती 19 नवंबर को करने की तिथि निर्धारित है, जिसमें राज्य के राज्यपाल शामिल होंगे और लोकार्पण करेंगे। लोकार्पण के अवसर पर स्थानीय सांसद सह केंद्रीय राज्य रक्षा मंत्री संजय सेठ तथा विधायक सविता महतो भी उपस्थित रहेंगे। इसकी जानकारी सोमवार को नवनिर्मित केंद्र परिसर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दिया गया।
संवाददाता सम्मेलन में बताया गया कि विवेकानंद केंद्र की स्थापना वर्ष 1977-78 में चांडिल स्थित नौरंगराम स्वर्गीय देवी ट्रस्ट के अंतर्गत एकनाथ रानादे के द्वारा किया गया था। केंद्र के स्थापना कार्य को दिवंगत भगवती प्रसाद खेतान ने आगे बढ़ाया था। मानव सेवा के उद्देश्य से तथा केंद्र के मूल मंत्र “मानव निर्माण से राष्ट्र निर्माण” की अवधारणा को मूर्त रूप देना ही केंद्र का मुख्य लक्ष्य रहा है। संस्कार वर्ग, योग वर्ग, महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य आदि क्षेत्रों को लेकर केंद्र ने आज तक का सफर तय किया है।
विगत कुछ वर्षों तक केंद्र का सेवा-कार्य पुराने परिसर में होता रहा। पुनः केंद्र की गतिविधियों को सुचारु रूप से चलाने के लिए इस नये भवन का निर्माण हुआ है और इसके लिए दान भी प्राप्त हुआ। भवन निर्माण का कार्य पूरा होने पर विवेकानंद केंद्र सेवा एवं प्रशिक्षण प्रकल्प भवन का लोकार्पण की तिथि भी तय किया गया। अब तय कार्यक्रम के तहत 19 नवंबर को सुबह 10 बजे राज्यपाल, केंद्रीय मंत्री सह स्थानीय सांसद, विधायक, केंद्र के अखित भारतीय कोषाध्यक्ष प्रवीण देवोलकर समेत कई गणमान्यों की उपस्थिति में समाज के लिए लोकार्पण किया जाएगा।
संवाददता सम्मेलन में नगर संपर्क प्रमुख अनाथ मिश्रा, जीवनव्रती, विभाग संगठक चिराग परमार, नगर कार्यालय प्रमुख सुशील कुमार लाल शाहदेव, निधि संकलन प्रमुख आशीष कुंडू, वानप्रस्थ कार्यकर्ता कालीचरण गुप्ता, कार्यपद्धति प्रमुख गुलशन कुमार, प्रचार प्रमुख मनोज सिंह आदि उपस्थित थे। इन्होंने बताया कि लोकार्पण के अवसर पर इस प्रकल्प के दान-दाताओं की उपस्थिति भी रहेगी।



