झारखंड स्थापना दिवस की रजत जयंती पर खूंटी में धूम — 11 से 15 नवंबर तक विविध कार्यक्रमों का आगाज़

खूँटी, 10 नवंबर : झारखंड स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ एवं भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन खूंटी द्वारा 11 नवंबर से 15 नवंबर 2025 तक भव्य आयोजन किए जा रहे हैं। यह कार्यक्रम न केवल राज्य के गौरवपूर्ण इतिहास को सम्मानित करेगा, बल्कि जनभागीदारी और स्थानीय प्रतिभा को भी मंच प्रदान करेगा।
कार्यक्रमों की श्रृंखला की शुरुआत “रन फॉर झारखंड” से होगी। इसके साथ ही प्रचार वाहन के माध्यम से आमजन को कार्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद भी मिलेगा। पूरे सप्ताह भर खेल प्रतियोगिताएं, निबंध लेखन, चित्रांकन, क्विज प्रतियोगिता, साइकिल रैली, और ट्रेकिंग जैसे आकर्षक आयोजन जिलेभर में किए जाएंगे।
विशेष अवसर पर 15 नवंबर, भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के दिन उलिहातू (खूँटी) में विशेष कार्यक्रम का आयोजन होगा, जहां राज्य के इस वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
इसके साथ ही, जिला प्रशासन ने रिल्स मेकिंग प्रतियोगिता एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिता की भी घोषणा की है। जिले के आम नागरिक, युवा या सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर इन आयोजनों में भाग लेकर अपने कैमरे या मोबाइल से कार्यक्रमों की रचनात्मक झलक प्रस्तुत कर सकते हैं।
प्रतिभागी अपने द्वारा तैयार की गई रील्स या फोटोग्राफ ईमेल आईडी — dsokhunti2017@gmail.com पर भेज सकते हैं। चयनित प्रतिभागियों को जिला प्रशासन खूंटी द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि झारखंड की इस गौरवमयी यात्रा में हर नागरिक की भागीदारी हो — ताकि भगवान बिरसा मुंडा के सपनों का सशक्त, सांस्कृतिक और स्वाभिमानी झारखंड साकार हो सके।



