जिले के पीवीटीजी परिवारों का होगा स्वास्थ्य जांच, उपायुक्त ने रवाना किया तीन मोबाइल मेडिकल यूनिट

सरायकेला, 04 नवंबर : उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने मंगलवार को समाहरणालय परिसर से पीवीटीजी गांवों में ग्रामीणों के स्वास्थ्य जांच के लिए तीन मोबाइल मेडिकल यूनिट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन हंस फाउंडेशन, एनएचएम झारखंड एवं जिला प्रशासन, सरायकेला–खरसावां के संयुक्त तत्वावधान में संचालित होंगी।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि जिले के कुचाई, नीमडीह एवं चांडिल प्रखंडों में स्थित पीवीटीजी गांवों, जो कि प्रधानमंत्री जनमंज योजना के अंतर्गत चयनित हैं, वहां रहने वाले लोगों को अब प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए इधर–उधर भटकना नहीं पड़ेगा।
उन्होंने बताया कि ये मोबाइल मेडिकल यूनिट गांवों का भ्रमण कर लगभग 20 प्रकार की स्वास्थ्य जांच करेंगी। प्रत्येक वाहन में एक चिकित्सक, एक नर्स एवं एक एएनएम तैनात रहेंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें।
इन वाहनों के माध्यम से ग्रामीणों को नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच सुविधाएं प्रदान की जाएंगी, जिससे दूरस्थ इलाकों में रहने वाले लोगों को प्राथमिक उपचार एवं दवाओं की सुविधा उनके गांव तक उपलब्ध हो सके।
इसके अतिरिक्त ये मोबाइल मेडिकल यूनिट स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता कार्यक्रमों, स्वच्छता एवं सैनिटाइजेशन गतिविधियों तथा विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के प्रचार–प्रसार एवं क्रियान्वयन में भी सहयोग करेंगी, ताकि ग्रामीण समुदाय में स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता और भागीदारी को बढ़ावा दिया जा सके।
उपायुक्त ने कहा कि इस पहल से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच आम लोगों तक सुनिश्चित होगी तथा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार आएगा।



