एनएच- 33 पर अवैध स्क्रैप टाल का अड्डा! — प्रशासन की नाक के नीचे चल रहा है लोहे की कटिंग का गोरखधंधा

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

एनएच- 33 पर अवैध स्क्रैप टाल का अड्डा! — प्रशासन की नाक के नीचे चल रहा है लोहे की कटिंग का गोरखधंधा

चांडिल, 04 नवंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा–रांची राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच–33) पर स्थित पाटा टोल प्लाजा के समीप इन दिनों एक अवैध स्क्रैप टाल की चर्चा जोरों पर चल रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह टाल पिछले कई महीनों से गैरकानूनी रूप से काम कर रहा है। जहां, रात में भारी मशीनरी से लोहे के समानों को छोटे-छोटे टुकडें में काटा जाता है।

खुलेआम दिन-रात चल रहे इस गोरखधंधे में ट्रकों से जाने वाले सरिया, पाइप, एंगल सहित लोहे के अन्य भारी सामानों की अवैध कटिंग और बिक्री धड़ल्ले से की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह टाल बिना अनुमति के गैरकानूनी रूप से संचालित की जा रही है। यह अवैध कारोबार खुलेआम चलाकर टाल संचालक पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती दे रहा है।

सूत्रों के अनुसार, इस टाल में रोजाना कई ट्रक और मिनी लोडर से अवैध रूप से कटिंग किए गए स्क्रैप सामग्री बाहर भेजी जाती है। कटिंग मशीनों की आवाज़ दिन-रात गूंजती रहती है। बताया जा रहा है कि टाल संचालक स्थानीय प्रशासन और पुलिस की आंखों में धूल झोंककर यह काम लंबे समय से कर रहा है।

स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि जब टोल प्लाजा के पास हर वक्त पुलिस गश्त और वाहनों की जांच होती है, तब इतनी बड़ी गतिविधि कैसे नजरअंदाज की जा सकती है? क्या इसमें किसी स्तर पर मिलीभगत है?

कुछ लोगों का आरोप है कि टोल प्लाजा के समीप भीड़-भांड रहने के बावजूद टाल अनजान तरीके से संचालित हो रहा है — जिससे पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं दूसरी ओर कुछ लोगों का कहना है कि प्रशासन और पुलिस को इसकी जानकारी होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की जांच कर अवैध स्क्रैप टाल को तत्काल बंद कराया जाए और संचालकों पर कठोर कार्रवाई की जाए। फिलहाल, प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है — क्या यह सिर्फ लापरवाही है, या फिर कहीं न कहीं संरक्षण का खेल चल रहा है?

Share This Article