घाटशिला : आसना पंचायत में आजसू पार्टी का जनसंपर्क अभियान, रामचंद्र सहिस ने झामुमो–कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

घाटशिला : आसना पंचायत में आजसू पार्टी का जनसंपर्क अभियान, रामचंद्र सहिस ने झामुमो–कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना

जमशेदपुर/घाटशिला, 02 नवम्बर : घाटशिला विधानसभा के आसना पंचायत में रविवार को आजसू पार्टी की ओर से जनसंपर्क अभियान चलाया गया। पार्टी नेताओं ने मतदाताओं से एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।

अभियान का नेतृत्व पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस एवं केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो ने किया। इस दौरान सत्यनारायण महतो, सुखलाल हेम्ब्रम, टिकैत महतो, करण महतो, बनबिहारी महतो, अमल महतो और राकेश मुर्मू सहित कई स्थानीय नेता उपस्थित थे।

लोहामालिया गांव में आयोजित सभा में रामचंद्र सहिस ने कहा कि “राज्य में आदिवासी–मूलवासी पर हेमंत सरकार लाठियां बरसा रही है। चाईबासा और रांची में न्याय मांगने वालों पर लाठीचार्ज किया गया, सिदो–कान्हू के वंशजों पर अत्याचार हुआ। अब समय आ गया है कि जनता इस सरकार को सबक सिखाए।”

उन्होंने कहा कि झामुमो–कांग्रेस सरकार झारखंडी जनता की हितैषी नहीं, बल्कि झारखंड विरोधी ताकतों के इशारे पर काम कर रही है।

सहिस ने जोर देते हुए कहा कि “झारखंड का निर्माण भाजपा–आजसू गठबंधन ने किया था, और एनडीए ही राज्य को विकास के मार्ग पर वापस ला सकता है।”

कार्यक्रम के अंत में सहिस ने जनता से अपील की कि आगामी उपचुनाव में एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन को समर्थन दें, ताकि झारखंड में स्थायी विकास और सुशासन स्थापित हो सके।

Share This Article