तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 के तहत सरायकेला में छापामारी

दुकानदारों और उपभोक्ताओं पर कार्रवाई, 1400 रुपये जुर्माना वसूला
सरायकेला, 31 अक्टूबर: तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 के तहत शुक्रवार को जिले में जनजागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर पंचायत क्षेत्र के संजय चौक और कालूराम चौक स्थित कई दुकानों में निषिद्ध तंबाकू उत्पादों की बिक्री और सार्वजनिक स्थलों पर सेवन के विरुद्ध छापामारी की गई।
अभियान का नेतृत्व राज्य नोडल पदाधिकारी (NTCP) डॉ. अश्विनी कुमार और सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह ने किया। छापामारी के दौरान सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) की विभिन्न धाराओं के तहत दुकानदारों और व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल ₹1400 का अर्थदंड वसूला गया।

इस अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन, डॉ. चंदन पासवान, NTCP स्टेट कोऑर्डिनेटर धीरज कुमार, सिटी मैनेजर महेश जरिका, NTCP कंसल्टेंट अशोक यादव, जिला कार्यक्रम समन्वयक (NCD) पुष्कर भूषण, तथा सरायकेला थाना पुलिस बल की सक्रिय भूमिका रही।
सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह ने बताया कि तंबाकू सेवन जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। इसे रोकने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सतत प्रवर्तन एवं जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू सेवन करने वाले और निषिद्ध उत्पाद बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ आगे भी नियमित कार्रवाई जारी रहेगी।



