चाईबासा में पुलिस-ग्रामीणों की झड़प, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने किया कोल्हान बंद का ऐलान

जमशेदपुर/चाईबासा, 28 अक्टूबर :सोमवार देर रात चाईबासा के तांबो चौक पर नो-एंट्री आंदोलन को लेकर ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसके जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागे। इस दौरान सदर एसडीपीओ की स्कॉर्पियो को भी भीड़ ने क्षतिग्रस्त कर दिया।
ग्रामीण एनएच-220 और चाईबासा बाईपास पर दिन के समय भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक की मांग कर रहे थे। पुलिस द्वारा देर रात हटाने की कोशिश पर स्थिति बिगड़ गई। कुछ लोग हल्के रूप से घायल हुए, हालांकि किसी गंभीर चोट की सूचना नहीं है। देर रात हालात पर काबू पा लिया गया, लेकिन इलाके में अतिरिक्त बल तैनात है।




