नीमडीह थाना में शांति समिति की बैठक – ईद, सरहुल और रामनवमी को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील

नीमडीह, 15 मार्च : आगामी त्योहार ईद, सरहुल और रामनवमी को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रविवार को नीमडीह थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार तथा अंचलाधिकारी अभय द्विवेदी की उपस्थिति में की गई।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, मुखिया, ग्राम प्रधान, शांति समिति एवं अखाड़ा समिति के सदस्यों के साथ त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारा कायम रखने तथा प्रशासन के साथ सहयोग करने पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने सभी से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
पुलिस प्रशासन की ओर से कहा गया कि त्योहारों के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। साथ ही जुलूस, अखाड़ा और धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में थाना प्रभारी संतन तिवारी, मुखिया सुभाष सिंह, सुलोचना देवी, उप मुखिया नारायण गोप, जयंत रजक, श्यामल पांडेय, राकिब साई सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
सभी ने एक स्वर में त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने का संकल्प लिया।



