रानी सती मंदिर में गूंजेगा “श्याम नाम” — 1 नवंबर को होगा श्री श्याम सेवा समिति का 84वां मासिक कीर्तन — सूरजगढ़ से आएगा बाबा का शीश, फूलों से सजेगा पूरा मंदिर परिसर

Manbhum Updates
2 Min Read

चांडिल, 28 अक्टूबर : आस्था, भक्ति और श्रद्धा से ओतप्रोत एक अनोखा आयोजन इस कार्तिक एकादशी पर चांडिल में होने जा रहा है। श्री श्याम सेवा समिति, चांडिल के तत्वावधान में आगामी 1 नवंबर (कार्तिक एकादशी) को प्रतिष्ठित रानी सती मंदिर, डैम रोड चांडिल में श्री श्याम बाबा का 84वां मासिक कीर्तन बड़े ही धूमधाम और भक्तिमय माहौल में मनाया जाएगा।

इस पावन अवसर पर बंगाल के कुशल कारीगरों द्वारा पूरे मंदिर को फूलों से सजाया जाएगा, जिससे पूरा वातावरण सुगंधित भक्ति रस से महक उठेगा। आयोजन का विशेष आकर्षण बाबा का भव्य सिंगार होगा। इस दिन सूरजगढ़ की पावन धरती से बाबा का शीश चांडिल लाया जाएगा। मान्यता है कि सूरजगढ़ वही भूमि है, जिसका निशान खाटू श्याम मंदिर के शीर्ष पर ही लगाया जाता है — इसलिए यह आयोजन श्याम भक्तों के लिए अत्यंत विशेष महत्व रखता है।

रात्रि में भजन संध्या का दिव्य आयोजन होगा, जिसमें कोलकाता से आए प्रसिद्ध भजन गायक रवि शर्मा सूरज, सुमित्रा बनर्जी, लीपू शर्मा, सक्षम पलसानिया, पूनम नंगेलिया, उमेश खिरवाल और नीरज जालान अपने मधुर भजनों से बाबा श्याम को रिझाएंगे और उपस्थित भक्तों को भक्ति के सागर में डुबो देंगे।

पूरी रात रानी सती मंदिर परिसर “श्याम नाम” के जयकारों से गूंजेगा। श्रद्धालु दूर-दूर से इस भव्य आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित हैं।

Share This Article