जमशेदपुर : एमजीएम थाना पुलिस पर जबरन एफआईआर करवाने का आरोप, घायल मजदूर के परिवार ने लगाई जांच की मांग

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर : एमजीएम थाना पुलिस पर जबरन एफआईआर करवाने का आरोप, घायल मजदूर के परिवार ने लगाई जांच की मांग

जमशेदपुर, 27 अक्टूबर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र की रहने वाली राबड़ी प्रमाणिक (25 वर्ष, पति – आदित्य प्रमाणिक) ने थाना पुलिस पर झूठ बोलकर जबरन एफआईआर करवाने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर को लिखित शिकायत देकर दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और झूठे मामले को रद्द करने की मांग की है।

राबड़ी प्रमाणिक के अनुसार, उनका बड़ा भाई चमटू प्रमाणिक उर्फ शंभू प्रमाणिक (28 वर्ष) बेताकोचा भूत बंगला स्थित एक स्टोन चिप्स एवं डस्ट मिक्सिंग फैक्ट्री में मजदूर है। 24 अक्टूबर को काम के दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिससे उसका एक हाथ पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। फैक्ट्री प्रबंधन ने तत्काल उसे टीएमएच जमशेदपुर और बाद में AIIMS भुवनेश्वर (ओडिशा) भेजा, जहां फैक्ट्री मालिक के सहयोग से उसका इलाज जारी है।

राबड़ी ने बताया कि 26 अक्टूबर को दो व्यक्ति उनके घर पहुंचे और खुद को एमजीएम थाना पुलिस का बताकर कहा कि “बड़ा बाबू” ने थाने बुलाया है। उन्होंने यह भी कहा कि बुलाने का कारण सिर्फ मुआवजा और विकलांग प्रमाणपत्र की प्रक्रिया से जुड़ा है। परिवार पुलिस की बातों पर भरोसा कर थाना पहुँचा, जहाँ उनसे एक तैयार आवेदन पर हस्ताक्षर करवाया गया। बाद में पता चला कि वह वास्तव में एफआईआर की कॉपी थी।

राबड़ी का कहना है कि गांव में ग्रामसभा की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय हुआ था कि घायल मजदूर का इलाज, मुआवजा और स्थायी नौकरी दी जाएगी, तथा कोई कानूनी मामला दर्ज नहीं होगा। इसके बावजूद पुलिस ने धोखे से एफआईआर दर्ज कर दी।

उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि गरीब मजदूर परिवार के साथ हुए छल की निष्पक्ष जांच की जाए और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हो।

Share This Article