सुखद समाचार : जिन खेतों पर लगते थे अफीम, अब लहलहा रहे धान के फसल

चांडिल, 24 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र में अब बदलाव की बयार बह रही है। जिन खेतों में कभी अवैध रूप से अफीम की खेती होती थी, वहां आज धान की हरी-भरी फसल लहलहा रही है।
थाना प्रभारी बजरंग महतो के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पिछले फसलीय वर्ष में अफीम की खेती वाले खेतों का भौतिक सत्यापन किया। जांच में पाया गया कि अधिकांश खेत अब परती हैं, जबकि कई खेतों में किसानों ने उरद और धान की खेती शुरू कर दी है। पिछले वर्ष पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से अफीम की फसलों को नष्ट किया था।
इसी क्रम में चौका थाना क्षेत्र के हेसाकोचा, धातकीडीह और टुरु गांवों में पुलिस ने ग्रामीणों के बीच जागरूकता अभियान चलाया। लोगों को अफीम की खेती के दुष्परिणामों और इसके विरुद्ध की जाने वाली कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी गई।
थाना प्रभारी बजरंग महतो ने कहा कि ग्रामीण अब नशे की खेती से दूरी बनाकर वैध फसलों की ओर अग्रसर हो रहे हैं। उन्होंने अपील की कि कोई भी व्यक्ति यदि अवैध खेती की जानकारी पाता है तो तुरंत पुलिस को सूचित करे।


