सरायकेला में मानक के अनुरूप नहीं पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक किलो छेना किया नष्ट

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

सरायकेला, 18 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिला मुख्यालय में जांच के दौरान शनिवार को एक मिठाई दुकान से एक किलो छेना मानक के अनुरूप नहीं पाए जाने पर उसे तत्काल नष्ट किया गया। आने वाले पर्व-त्योहारों के मद्देनजर उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार मिठाई दुकानों, रेस्टोरेंट तथा फास्ट फूड स्टालों में किए जा रहे निरीक्षण के दौरान यह कार्रवाई की गई।

अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, सरायकेला के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन ने सरायकेला जिला मुख्यालय के संजय चौक, वार्ड नंबर 4 एवं गैरेज चौक स्थित मिठाई दुकानों, रेस्टोरेंट तथा फास्ट फूड स्टालों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दूध एवं दूध से बने लड्डू, बूंदी, जलेबी, ड्राई फ्रूट्स से बनी मिठाई तथा चाऊमीन, समोसा और पैकेटबंद खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता की जांच की गई।

मौके पर सभी दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसी भी खाद्य सामग्री को अखबार में पैक कर या रखकर न बेचा जाए, क्योंकि इससे स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। भविष्य में किसी भी दुकान में ऐसे प्रकरण पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान “सरायकेला लड्डू” नामक प्रतिष्ठित मिठाई दुकान से एक नमूना जांच हेतु लिया गया है, जिसे विधि अनुसार परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन ने बताया कि उपायुक्त के निर्देशानुसार त्योहारों के मद्देनज़र जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी प्रतिष्ठान में अस्वच्छ, संदिग्ध या मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री की जाती है, तो उसकी सूचना तत्काल जिला प्रशासन या खाद्य सुरक्षा विभाग को दें, ताकि समय पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Share This Article