नेपाल में चमकीं झारखंड की बेटियां, इंडो–नेपाल यूथ चैम्पियनशिप 2025 में भारतीय महिला टीम बनी चैंपियन
Dest | MANBHUM UPDATES
नेपाल के पोखरा स्टेडियम में 6 से 10 अक्टूबर तक आयोजित इंडो–नेपाल यूथ चैम्पियनशिप–2025 में भारत की महिला फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब जीता, जबकि पुरुष टीम उपविजेता रही। यह प्रतियोगिता मिनिस्ट्री ऑफ एमएसएमई और फिट इंडिया (नीति आयोग, भारत सरकार) से संबद्ध भारतीय यूथ एजुकेशन फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित की गई।
9 अक्टूबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने नेपाल की मजबूत टीम को 6–0 से हराया। विजेता टीम में झारखंड और पश्चिम बंगाल की कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल रहीं। भारतीय महिला टीम की कप्तान संगीता कुमारी के नेतृत्व में बबिता हेंब्रम, बांसती टुडू, सबिता हेंब्रम, रीतिका किस्कू, सुरजमनी हेंब्रम, आशा मुण्डा, जिया सोरेन, अर्चना राय, मनिशा हांसदा, वर्षा मुर्मु, सीमा हेंब्रम, नामिता मुर्मु और पुष्पा कुमारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
टीम की कोच काजल कुमारी, सह-प्रशिक्षक शंभु सेन और प्रबंधक अंजना सिंह के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने शानदार समन्वय और खेल भावना का परिचय दिया।
वहीं, पुरुष वर्ग में कोच विष्णु उरांव के निर्देशन में कप्तान उद्देश कुमार की टीम ने बेहतर प्रदर्शन किया, परंतु फाइनल में नेपाल ने 5–1 से जीत दर्ज की।
महिला टीम की कप्तान संगीता कुमारी ने कहा कि टीम की यह सफलता पूरे देश, विशेषकर झारखंड के लिए गर्व की बात है। उन्होंने राज्य सरकार से स्थानीय खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और सहयोग देने की अपील की।
यह प्रतियोगिता भारत और नेपाल के बीच दोस्ती, खेल भावना और युवाओं के अंतरराष्ट्रीय अनुभव साझा करने का एक सशक्त मंच बनी।