अनक्लेम्ड जमा राशि एवं री-केवाईसी हेतु विशेष अभियान शुरू — जिले में आयोजित होंगे शिविर

Manbhum Updates
3 Min Read

अनक्लेम्ड जमा राशि एवं री-केवाईसी हेतु विशेष अभियान शुरू — जिले में आयोजित होंगे शिविर

सरायकेला, 09 अक्टूबर : भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के निर्देशानुसार सरायकेला-खरसावाँ जिले के सभी बैंकों द्वारा 1 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2025 तक अनक्लेम्ड जमा राशि एवं री-केवाईसी (Re-KYC) से संबंधित एक विशेष अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान के तहत आम जनता को वित्तीय जागरूकता प्रदान करने, निष्क्रिय खातों की पहचान करने और पात्र खाताधारकों को उनकी अनक्लेम्ड राशि वापस दिलाने के उद्देश्य से जिले भर में कई गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।

अग्रणी जिला प्रबंधक वरुण चौधरी ने बताया कि यदि किसी बैंक खाते में 10 वर्षों तक कोई लेन-देन नहीं होता, तो उस खाते की राशि आरबीआई को हस्तांतरित कर दी जाती है। वर्तमान में जिले के लगभग 77,000 बैंक खाते “अनक्लेम्ड” श्रेणी में शामिल हैं, जिनकी जमा राशि पहले ही आरबीआई को भेजी जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक बैंक शाखा में अनक्लेम्ड खाताधारकों की सूची उपलब्ध है। इच्छुक व्यक्ति संबंधित बैंक शाखा में संपर्क कर अपनी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी जमा राशि का दावा कर सकते हैं।

वित्तीय समावेशन और री-केवाईसी को बढ़ावा देने के लिए जिले के विभिन्न प्रखंडों में विशेष शिविरों का भी आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में बैंक अधिकारी मौके पर ही आवश्यक प्रक्रियाओं का निष्पादन करेंगे ताकि लोगों को अपने खातों से संबंधित समस्याओं का समाधान मिल सके।

शिविरों की तिथि और स्थल

  • कुकड़ू प्रखंड: तिरूलडीह, पारगामा पंचायत — 10 अक्टूबर 2025

  • नीमडीह प्रखंड: समानपुर, झीमरी पंचायत — 13 अक्टूबर 2025

  • राजनगर प्रखंड: तुमुंग, कुजू पंचायत — 14 अक्टूबर 2025

  • चांडिल प्रखंड: खूंटी, चिल्गु पंचायत — 15 अक्टूबर 2025

  • ईचागढ़ प्रखंड: गुदरी, टिकर पंचायत — 16 अक्टूबर 2025

  • गम्हरिया प्रखंड: डुमरा, दुग्धा पंचायत — 17 अक्टूबर 2025

  • कुचाई प्रखंड: छोटा सेगोए, तिलोपदा पंचायत — 23 अक्टूबर 2025

  • खरसावां प्रखंड: शिमला, दलाईकेला पंचायत — 24 अक्टूबर 2025

  • सरायकेला प्रखंड: नुआगांव, गोविंदपुर पंचायत — 30 अक्टूबर 2025

अग्रणी जिला प्रबंधक ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी शिविर में पहुँचकर री-केवाईसी और अनक्लेम्ड राशि दावे से संबंधित कार्यों को पूरा करें तथा इस अभियान का अधिकतम लाभ उठाएँ।

Share This Article