चांडिल : कुड़मी/कुरमी जाति की मांग के विरोध में अनुमंडल कार्यालय पर आज आदिवासियों का धरना प्रदर्शन
चांडिल, 08 अक्टूबर : चांडिल अनुमंडल मुख्यालय में आदिवासी सामाजिक संगठन की ओर से 8 अक्टूबर को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन की तैयारियां पूरी कर ली गई है। कुर्मी/कुड़मी जाति को एसटी सूची में शामिल करने की मांग के विरोध में आयोजित धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के सदस्य शामिल होंगे। इसके लिए आयोजन स्थल पर भव्य पंडाल का निर्माण कराया गया है। इस संबंध में बताया गया कि धरना-प्रदर्शन आदिवासी समाज के अधिकारों, भूमि सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के समुचित क्रियान्वयन की मांग को लेकर आयोजित किया जा रहा है।
इस संबंध में कहा गया कि आदिवासी सामाजिक संगठन का आंदोलन क्षेत्र में आदिवासी एकता और सामाजिक जागरूकता का प्रतीक बनेगा। कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिए स्वागत समिति, भोजन समिति, सुरक्षा समिति और प्रचार समिति का गठन किया गया है। आयोजन को सफल बनाने के लिए आदिवासी बहुल गांवों में व्यापक स्तर पर प्रचार प्रसार किया गया है। लोगों को बड़ी संख्या में शामिल होकर कुर्मी/कुडमी जाति को एसटी सूची में शामिल करने की मांग के विरोध में आवाज बुलंद करने की अपील की गई है।