सरायकेला-खरसावां : बाईधर प्रधान हत्याकांड में तीन आरोपी गिरफ्तार

सरायकेला, 02 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां थाना क्षेत्र अंतर्गत बाईधर प्रधान हत्याकांड मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई पीड़िता कनकलता प्रधान (पत्नी स्व. बाईधर प्रधान) के फर्दबयान के आधार पर की गई।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में जीवनधन प्रधान (45 वर्ष, पिता-स्व. जनमजय प्रधान), राजकुमार प्रधान (20 वर्ष) और पंकज प्रधान (25 वर्ष, दोनों पिता-जीवनधन प्रधान) शामिल हैं। तीनों आरोपी सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना क्षेत्र के कोलाईडीह गांव निवासी हैं।
इस संबंध में खरसावां थाना में मामला दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2)/118(2)/109(1)/103(1)/238/3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जब्त हुआ सामान
पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में प्रयुक्त खून से सनी तलवार और बंकिया, खून से सने कपड़े, दो मोबाइल फोन और एक स्कूटी बाइक बरामद की है।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार मुख्य आरोपी जीवनधन प्रधान का आपराधिक इतिहास भी रहा है।
वर्ष 2006 में कुचाई थाना कांड संख्या 07/2006 में हत्या समेत गंभीर धाराओं में आरोप पत्र दाखिल किया गया था।
वर्ष 2013 में कुचाई थाना कांड संख्या 22/2013 में मारपीट एवं हमले के मामले में भी उसका नाम सामने आ चुका है।
ये थे छापामारी दल में शामिल
इस कार्रवाई का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सरायकेला समीर सवैया ने किया। दल में पुलिस निरीक्षक नितिन कुमार सिंह (सरायकेला अंचल), थाना प्रभारी खरसावां थाना गौऱव कुमार, प्रभारी आमदा ओपी रमन कुमार विश्वकर्मा और रिजर्व गार्ड शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।



