महाष्टमी पर दुर्गा मंदिर और पूजा पंडालों में उमड़ रहे श्रद्धालु, क्षेत्र में भक्ति और उल्लास का माहौल

मानभूम अपडेट्स डेस्क : शारदीय नवरात्र पर आयोजित दुर्गोत्सव के दौरान चारों ओर भक्ति और उल्लास का माहौल है। मंगलवार को महाष्टमी के अवसर पर दुर्गा मंदिरों और पूजा पंडालों में आदिशक्ति की आराधना के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी। देवी महागौरी की पूजा अर्चना के बाद भक्त परंपरा के अनुसार संधि पूजा में शामिल हुए और शुभ मुहूर्त में बलिदान दिया। महा अष्टमी और संधि पूजा के बाद विभिन्न मंदिरों और पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद और खीर का वितरण किया गया। देवी के भक्तों ने महामाया की आराधना कर परिवार के सुख, शांति और समृद्धि की कामना किया।

पूजा पंडालों की ओर मुड़े रास्ते
पूजा अर्चना के बाद श्रद्धालु क्षेत्र के विभिन्न देवी मंदिरों और पूजा पंडालों में स्थापित देवी दुर्गा की भव्य और आकर्षक प्रतिमा के दर्शन पूजन के लिए पहुंचे। चांडिल बाजार, चांडिल डाक बंगला, चांडिल स्टेशन, चौका, खूंटी, चावलीबासा, चांदुड़ीह, गौरांगकोचा, चिलगु, आसनबनी, फदलोगोड़ा, तामुलिया, चैनपुर, रघुनाथपुर, तिरुलडीह, टीकर, देवलटांड, पोड़का समेत अन्य स्थानों में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। दुर्गा पूजा महोत्सव को लेकर बनाए गए आकर्षक पूजा पंडाल और भव्य प्रतिमा को देखने के लिए देर शाम तक श्रद्धालुओं की कतार लगी रही।
धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित
दुर्गोत्सव के अवसर पर विभिन्न पूजा आयोजन समितियों की ओर से धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। धार्मिक और सांस्कृतिक अनुष्ठानों में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा को लेकर व्यापक प्रबंध किया गया था। पूजा आयोजन स्थलों पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं विभिन्न सड़कों पर भी विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं।



