श्री शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट) ने बीमार ग्रामीण को दी 42 हजार की मदद

जमशेदपुर/पटमदा, 29 सितम्बर : सामाजिक संस्था श्री शनिदेव भक्त मंडली (ट्रस्ट) ने एक बार फिर समाजसेवा की मिसाल पेश करते हुए आर्थिक तंगी से जूझ रहे एक निर्धन परिवार की मदद की है।
बोड़ाम के भूली निवासी गोराचांद कर्मकार पिछले आठ महीने से गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। आर्थिक अभाव के कारण वे सही इलाज नहीं करवा पा रहे थे और परिवार को भोजन तक की समस्या हो गई थी। ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में केवल सामान्य दवाइयाँ मिल रही थीं, लेकिन उनकी बीमारी का कोई ठोस इलाज संभव नहीं हो पा रहा था।
इसी बीच स्थानीय महिलाओं से जानकारी मिलने पर मंडली सदस्य पंकज कुमार पाठक ने पहल की। उन्होंने स्वयं रक्त जांच कराई, जिसमें हाई शुगर की समस्या सामने आई। तत्पश्चात उन्होंने अपने खर्च पर एमजीएम अस्पताल में भर्ती करवाकर प्रारंभिक इलाज कराया और परिवार को राशन भी उपलब्ध कराया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडली ने सामूहिक निर्णय लेकर कर्मकार के इलाज हेतु ₹42,000 (बयालीस हजार रुपये) की आर्थिक सहायता प्रदान की। यह राशि संस्था द्वारा प्रतिमाह दवाइयों के रूप में उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि पैसों का उचित उपयोग हो सके और मरीज का इलाज निरंतर चलता रहे।
इस अवसर पर मंडली के संस्थापक-सह-संरक्षक, अध्यक्ष राजेश चांचरा, मिलन बेरा, रतन सिंह मुंडा, आयुष्मान गर्ग, पंकज कुमार पाठक समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
मंडली ने अपील की है कि समाज के लोग गोराचांद कर्मकार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करें, ताकि वे जल्द स्वस्थ होकर अपने परिवार की देखभाल कर सकें।



