सरायकेला-खरसावाँ की छऊ कला ने उपराष्ट्रपति भवन तक पहुंचाई अपनी पहचान

सरायकेला, 26 सितंबर : सरायकेला-खरसावाँ की विश्वविख्यात छऊ नृत्य कला एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आई है। जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए पारंपरिक छऊ मास्क को झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने देश के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन को भेंट किया।
भेंट स्वरूप दिया गया यह छऊ मुखौटा सरायकेला की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और लोककला की झलक प्रस्तुत करता है। छऊ मुखौटे की नक्काशी और रंग संयोजन इसकी विशिष्टता है, जिसे देश-विदेश में भी खूब सराहा जाता है।
गौरतलब है कि छऊ नृत्य सरायकेला-खरसावाँ जिले की पहचान है, जिसे यूनेस्को ने अमूर्त सांस्कृतिक विरासत के रूप में मान्यता भी प्रदान की है।
यह पहल न सिर्फ छऊ कलाकारों का उत्साह बढ़ाती है, बल्कि झारखंड की कला-संस्कृति को नई ऊंचाई पर ले जाने का कार्य करती है।



