ईचागढ़ थाना की मनमानी पर बालू कारोबारियों का आरोप, डीसी से की शिकायत

सरायकेला, 26 सितंबर : समाहरणालय सभा कक्ष में शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में बालू स्टॉक यार्ड संचालकों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी, खान निरीक्षक समीर कुमार ओझा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान संचालकों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को विस्तार से रखा। खासकर ईचागढ़ क्षेत्र के संचालकों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वैध परमिट और कागजात रहने के बावजूद थाना स्तर पर पुलिस बालू लदे वाहनों को रोककर परेशान करती है। इससे वाहन मालिकों और चालकों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
शिकायतों पर प्रतिक्रिया देते हुए उपायुक्त ने कारोबारियों को आश्वस्त किया कि उठाई गई समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन विधिसम्मत बालू उठाव और परिवहन को प्रोत्साहित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। साथ ही निर्देश दिया कि आम जनता को बालू उचित दरों पर और आसानी से उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
डीसी ने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर संचालक सीधे जिला खनन पदाधिकारी से संपर्क करें या जिला खनन टोल फ्री नंबर 1800-345-6532 पर सूचना दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
बैठक में कारोबारियों की शिकायतों से ईचागढ़ थाना की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। अब देखना होगा कि उपायुक्त के संज्ञान में आने के बाद थाना प्रभारी के खिलाफ कोई कार्रवाई होती है या नहीं। कारोबारियों का कहना है कि हाल ही में जिस मनमानी की चर्चाएं तेज थीं, उसकी पुष्टि अब खुले मंच पर हो गई है।



