शारदीय नवरात्रि के चौथे दिन पूजीं गई मां कुष्मांडा, उमड़े भक्त

चांडिल, 25 सितंबर : शारदीय नवरात्रि के चौथे दिन चतुर्थी तिथि की अधिष्ठात्री देवी मां कुष्मांडा की विधि विधान से पूजा-अर्चना की गई। मां कुष्मांडा देवी दुर्गा की चौथी शक्ति है। सार्वजनिक श्री श्री नवदुर्गा पूजा कमेटी चौका मोड द्वारा आयोजित नवदुर्गा पूजा में प्रतिदिन मां की आराधना करने बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। चौका में गुरुवार को सुबह मां कुष्मांडा की पूजा-अर्चना के लिए कलश यात्रा निकाली गई। कलश स्थापना के बाद यहां देवी की आराधना प्रारंभ हुआ। पूजा-अर्चना के साथ चौका नवदुर्गा मंदिर में शारदीय नवरात्र पर चंडीपाठ भी किया जा रहा है। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। सारथी नवरात्र पर चौका में देवी के नौ रूपों की भव्य और आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई है।

रामकथा सुनने उमड़ रहे श्रद्धालु
सार्वजनिक श्रीश्री नवदुर्गा पूजा कमेटी चौका मोड की ओर से शारदीय नवरात्र पर धार्मिक अनुष्ठान के तहत राम कथा का आयोजन किया गया है। प्रतिदिन दोपहर बाद 3 बजे से होने वाले राम कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। बांग्ला भाषा में राम कथा पर प्रवचन दिए जाने के कारण चौका और आसपास के क्षेत्र से बड़े बुजुर्ग प्रवचन में शामिल हो रहे हैं। यहां प्रतिवर्ष नवरात्र के अवसर पर धार्मिक अनुष्ठान के तहत प्रवचन का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इस वर्ष रामकथा पर प्रवचन देने के लिए पश्चिम बंगाल के बाघमुंडी से पंडित राजू हाजरा अपने सहयोगियों के साथ चौका पहुंचे हैं। राम कथा के समाप्ति के बाद प्रतिदिन मंदिर में संध्या आरती की जाती है। शाम 7 बजे होने वाले संध्या आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं, जिनमें महिलाओं की संख्या अधिक होती है।



