सरायकेला-खरसावां में दोपहर 1 बजे तक 47.57% मतदान, सरायकेला नगर पंचायत आगे

सरायकेला, 23 फरवरी : सरायकेला-खरसावां जिला में नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत सोमवार को जारी मतदान में दोपहर एक बजे तक संतोषजनक रुझान देखने को मिला है। जिला सूचना भवन स्थित मीडिया कोषांग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार विभिन्न शहरी निकायों में औसत मतदान प्रतिशत में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है।
नगर निगम आदित्यपुर क्षेत्र में 34.82 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं नगर पंचायत, सरायकेला में सबसे अधिक 47.57 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो अन्य क्षेत्रों की तुलना में आगे रहा। नगर परिषद, कपाली में 35.59 प्रतिशत मतदान हुआ है।
प्रशासन के अनुसार सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रहा है तथा कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
दोपहर बाद मतदान प्रतिशत में और वृद्धि की संभावना जताई जा रही है। जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान केंद्र पहुंचकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।



