
छतरपुर, 16 जून : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा पूरे देश में चलाए जा रहे संगठन सृजन अभियान के तहत मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बन्ना गुप्ता को पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है। उन्होंने रविवार को बिजावर विधानसभा क्षेत्र के जानकी निवास और ईशा नगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठकें कीं।
बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष, मंडलम अध्यक्ष, सेक्टर अध्यक्ष, बीएलए, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित रहे। श्री गुप्ता ने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त करना वर्तमान समय की प्राथमिकता है। पूर्व विधायकों और वरिष्ठ पदाधिकारियों के अनुभवों को संगठन निर्माण में शामिल करते हुए, युवाओं को प्रशिक्षित नेतृत्व के रूप में आगे लाने की आवश्यकता है। मतदाता संवाद और जनसंपर्क को प्राथमिकता देते हुए पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाना जरूरी है।

श्री गुप्ता ने बताया कि संगठनात्मक ढांचे को पंचायत, सेक्टर, वार्ड और बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए व्यापक संवाद और सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी के विस्तार के लिए नए सदस्य जोड़ना और जमीनी कार्यकर्ताओं को सशक्त करना अहम है।
बैठक के अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे एकजुट होकर कांग्रेस पार्टी को मजबूत बनाने और संगठन सृजन अभियान को सफल बनाने में अपनी पूरी ऊर्जा लगाएं।


