
सरायकेला-खरसावां, 12 जून : जिला परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन को सुनिश्चित करने हेतु गुरुवार को कांड्रा चौक पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो ने किया।
अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच की। वाहनों के इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाण पत्र, फिटनेस सर्टिफिकेट, परमिट समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों की बारीकी से जाँच की गई।
मोटरयान अधिनियम के तहत विभिन्न नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए मौके पर ही 45,800 रुपये की जुर्माना राशि वसूली गई।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि यह अभियान सड़क पर यातायात अनुशासन को बढ़ावा देने और सड़क हादसों की रोकथाम के उद्देश्य से चलाया गया। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे सभी आवश्यक दस्तावेजों को अद्यतित रखें और नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।
इस प्रकार के अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे ताकि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


