जमशेदपुर में मूसलधार बारिश से जनजीवन बेहाल, कई इलाके जलमग्न, सड़कें बनीं तालाब

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर में मूसलधार बारिश से जनजीवन बेहाल, कई इलाके जलमग्न, सड़कें बनीं तालाब

जमशेदपुर, 22 जुलाई : बुधवार को हुई मूसलधार बारिश ने जमशेदपुर की रफ्तार पर पूरी तरह ब्रेक लगा दिया। कुछ ही घंटों की तेज बारिश के बाद शहर के कई निचले इलाकों में जलजमाव हो गया, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। सड़कों पर घुटनों तक पानी भर जाने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा, वहीं कई वाहन बीच सड़क पर ही बंद हो गए।

बारिश का सबसे अधिक असर साकची, मानगो, कदमा, गोलमुरी और बिष्टुपुर समेत शहर के कई प्रमुख इलाकों में देखने को मिला। मुख्य सड़कें पानी में डूब गईं और कई स्थानों पर चारपहिया व दोपहिया वाहन जलभराव में फंस गए। कुछ वाहन आधे तक पानी में डूबे नजर आए, जिससे लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और लोगों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा।

अचानक हुई तेज बारिश के कारण बाजारों, कार्यालयों और अन्य संस्थानों से लौट रहे लोगों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने बारिश थमने का इंतजार किया, जबकि कई को पानी से भरी सड़कों से होकर गुजरना पड़ा।

बारिश ने एक बार फिर शहर की जलनिकासी व्यवस्था की हकीकत उजागर कर दी। जलभराव से परेशान स्थानीय लोगों ने नगर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए स्थायी समाधान की मांग की। उनका कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान यही स्थिति उत्पन्न होती है, लेकिन समस्या के समाधान की दिशा में ठोस पहल नहीं हो रही है।

उधर, मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने नागरिकों से जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन से बचने, सावधानी बरतने और मौसम संबंधी जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Share This Article