थाना प्रभारी का सरकारी मोबाइल 24 घंटे रहेगा ऑन, फोन बंद मिला तो होगी कार्रवाई

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

थाना प्रभारी का सरकारी मोबाइल 24 घंटे रहेगा ऑन, फोन बंद मिला तो होगी कार्रवाई

जमशेदपुर, 29 सितंबर : लौहनगरी में पुलिस व्यवस्था को और अधिक जवाबदेह बनाने के लिए जमशेदपुर एसएसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश जारी किया है। एसएसपी ने स्पष्ट कहा है कि सभी थाना प्रभारी अपना सरकारी मोबाइल फोन 24 घंटे चालू रखें और आम लोगों की कॉल को प्राथमिकता के आधार पर रिसीव करें।

पुलिस विभाग को लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि रात के समय अथवा आपात स्थिति में कई थाना प्रभारियों का सरकारी मोबाइल बंद रहता है या कॉल करने पर फोन रिसीव नहीं किया जाता। इससे किसी घटना या परेशानी की स्थिति में आम लोगों को पुलिस तक पहुंचने में कठिनाई होती है।

एसएसपी ने इसे गंभीरता से लेते हुए सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि वे किसी भी परिस्थिति में अपना सरकारी मोबाइल बंद न रखें। आपातकालीन स्थिति में आने वाली कॉल पर तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

एसएसपी ने चेतावनी दी है कि यदि किसी थाना प्रभारी का सरकारी मोबाइल बंद पाया गया या वह जानबूझकर आम लोगों की कॉल रिसीव नहीं करता है, तो संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों को आम जनता की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने और जरूरतमंद लोगों को समय पर पुलिस सहायता उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद कायम करना तथा आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

Share This Article