तरुण महतो को संगठनात्मक उत्कृष्टता के लिए विधायक जयराम महतो ने किया सम्मानित

चांडिल, 25 जुलाई : ईंचागढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के प्रत्याशी रहे पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष तरुण महतो को पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष विधायक जयराम महतो ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया है। पार्टी संगठन में अपने पद पर रहते हुए निरंतर उत्कृष्ट कार्य, जनसेवा और संगठन निर्माण में योगदान देने के लिए उन्हें सम्मानित किया गया है। उन्हें इस अवसर पर प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया, जिसमें यह उल्लेख किया गया कि वे अपने वर्तमान पद पर रहकर आगे भी पार्टी के हित में कार्य करते रहेंगे। तरुण महतो ने अपने क्षेत्र में जनता दरबार लगाकर जन समस्याओं को सुना और समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए। इसके अलावा, जब भी क्षेत्र में किसी परिवार पर संकट आया, वे तुरंत पहुंचकर न केवल सहानुभूति जताते रहे बल्कि मुआवज़ा दिलाने में भी सक्रिय भूमिका निभाई।
सम्मान समारोह में झारखंड लोकतांत्रिक क्रान्तिकारी मोर्चा के सुप्रीमो एवं डुमरी विधायक जयराम महतो विशेष रूप से उपस्थित थे। उन्होंने तरुण महतो सहित अन्य कई सक्रिय पदाधिकारियों के कार्यों की सराहना की और कहा कि पार्टी को ऐसे समर्पित और कर्मठ नेताओं पर गर्व है। इस अवसर पर केंद्रीय अध्यक्ष ने पार्टी के कई समर्पित नेता व कार्यकर्ताओं को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनता उपस्थित थे। सभी ने सम्मान पाने वाले नेताओं को बधाई दी और उनके प्रयासों को सराहा।



