चांडिल के शहरबेड़ा में महिला की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर उत्पीड़न का लगाया आरोप

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल के शहरबेड़ा में महिला की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर उत्पीड़न का लगाया आरोप

चांडिल, 11 जनवरी : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना अंतर्गत शहरबेड़ा गांव के टोला टुईलुंग में बीती रात एक विवाहित महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान सेवती प्रमाणिक के रूप में हुई है, जिसने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, ऐसा प्रारंभिक तौर पर बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना की भनक लगते ही परिजनों ने सेवती को फंदे से उतारकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इधर, मृतका के मायके पक्ष ने चांडिल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए ससुराल पक्ष के लोगों पर उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या किसी अन्य कारण से हुई मौत का।

फिलहाल, पुलिस सभी संबंधित बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

Share This Article