गाय चोर गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, एक आरोपी जेल, वाहन जब्त व गाय बरामद

Manbhum Updates
2 Min Read

गाय चोर गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, एक आरोपी जेल, वाहन जब्त व गाय बरामद

पटमदा, 15 जनवरी : बोड़ाम थाना क्षेत्र में लगातार हो रही गाय चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। साथ ही चोरी में इस्तेमाल एक कार को जब्त करते हुए चोरी की गई एक गाय को बरामद किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के पशुपालकों ने राहत की सांस ली है।

जानकारी के अनुसार 2 जनवरी की रात बोड़ाम बाजार निवासी साधुचरण महतो के घर से गाय व बछड़े की चोरी हुई थी। इसके बाद 4 जनवरी की रात मिर्जाडीह गांव में जनार्दन घोष के घर से चोरों ने दो गाय उड़ा लिया। दोनों मामलों में बोड़ाम थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने तकनीकी व गुप्त सूचना के आधार पर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने चांडिल थाना क्षेत्र के कपाली ओपी अंतर्गत ताजनगर निवासी अब्दुल कादिर को दबोच लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने चोरी में प्रयुक्त टाटा इंडिगो कार (जेएच-05 एएल 6613) जब्त की और मिर्जाडीह से चोरी गई एक गाय को सकुशल बरामद कर लिया। हालांकि दो गाय और एक बछड़ा अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।

पीड़ित पशुपालक जनार्दन घोष ने बताया कि चोर रात के अंधेरे में घंटी खोलकर गायों को ले गए, जिससे परिवार की आजीविका पर संकट आ गया। थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने कहा कि यह संगठित गिरोह है, जिसमें 4–5 लोग शामिल हैं। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और सभी को जल्द कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।

Share This Article