कुलटांड़ सड़क की मरम्मत शुरू, विधायक सविता महतो की निजी पहल से ग्रामीणों को मिली राहत
ईचागढ़, 20 अगस्त : ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र के लावा चुनिडीह केनाल से कुलटांड़, तिरुलडीह-2 (चिपड़ी), टिकर समेत आसपास के गांवों को जोड़ने वाली जर्जर सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। विधायक सविता महतो की पहल और निजी खर्च से तत्काल सड़क की मरम्मत कराई जा रही है। बारिश के कारण सड़क की हालत काफी खराब हो गई थी। जगह-जगह गड्ढे और कीचड़ जमा होने से ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
ग्रामीणों की समस्या को देखते हुए विधायक ने तत्काल सड़क की मरम्मत कराने का निर्देश दिया। विधायक के निर्देश पर झामुमो कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर मरम्मत कार्य को गति दे रहे हैं। सड़क की मरम्मत शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।


इधर, लावा केनाल से कुलटांड़ तक स्थायी सड़क निर्माण की प्रक्रिया को लेकर भी पहल तेज कर दी गई है। बताया गया कि जल्द ही सड़क निर्माण का शिलान्यास किया जाएगा। सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद कुलटांड़, तिरुलडीह-2 (चिपड़ी), टिकर समेत आसपास के कई गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।
मरम्मत कार्य को गति देने में झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो की विशेष भूमिका रही। मौके पर झामुमो ईचागढ़ प्रखंड अध्यक्ष निताई उरांव, सचिव अमित सिन्हा, वरिष्ठ नेता गुप्तेश्वर महतो, मीडिया प्रभारी पशुपति बागची, युवा प्रखंड अध्यक्ष स्वपन आदित्यदेव, कन्हाई लाल बेसरा, राणा प्रताप महतो, हरेन्द्र नाथ महतो, लखन मांझी, राईशेन मांझी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद थे। ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत शुरू कराने के लिए विधायक सविता महतो के प्रति आभार जताया।


















