प्रधानाध्यापक पर फर्जी हस्ताक्षर और अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों ने डीसी से की शिकायत

चांडिल,3 जुलाई : अनुमंडल क्षेत्र के नीमडीह प्रखंड के बनघर बांदु स्थित नव प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों ने उपायुक्त के नाम प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को लिखित ज्ञापन सौंपते हुए प्रधानाध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में प्रत्येक माह होने वाली विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की बैठक की सूचना नहीं दी जाती। प्रधानाध्यापक स्वयं ही बैठक की औपचारिकता पूरी कर लेते हैं और अध्यक्ष एवं अन्य सदस्यों के नकली हस्ताक्षर कर कागजी खानापूर्ति कर देते हैं।

इतना ही नहीं, ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि प्रधानाध्यापक अक्सर विद्यालय से अनुपस्थित रहते हैं और विद्यालय के एक कक्ष का उपयोग अपने निजी कार्यों के लिए करते हैं। शिकायत में कहा गया है कि विद्यालय परिसर में निजी सामान जैसे सीमेंट व सरिया आदि रखे गए हैं, जो शिक्षा के माहौल को बाधित कर रहा है।
इस संबंध में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी रविशंकर महतो ने बताया शिक्षक रंजीत कुमार महतो के खिलाफ ग्रामीणों ने एम डी एम,फर्जी हस्ताक्षर एवं स्कूल भवन के रुम को निजी सामग्री रखने का शिकायत प्राप्त हुआ हे,जिसका जांच किया जा रहा है दोषी पाए जाने पर विधिसम्मत करवाई किया जाएगा।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से प्रधानाध्यापक का तत्काल स्थानांतरण करने और विद्यालय की नियमित निगरानी की मांग की है। शिकायत की प्रति जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को भी प्रेषित की गई है।



