उपायुक्त नें सदर अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, रात्रिकालीन चिकित्सा सेवा सुदृढ़ करने का दिया निर्देश
सरायकेला, 07 अक्टूबर : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने मंगलवार को सदर अस्पताल, सरायकेला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अस्पताल परिसर की स्वच्छता, बुनियादी सुविधाओं की स्थिति, चिकित्सकों की उपस्थिति, उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं एवं उपकरणों के उपयोग की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कुछ मरीजों द्वारा यह शिकायत की गई कि रात्रि के समय चिकित्सक उपलब्ध नहीं रहते तथा एम्बुलेंस सेवा समय पर नहीं मिलती, जिससे आपातकालीन स्थिति में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
शिकायत पर उपायुक्त ने सिविल सर्जन एवं अस्पताल उपाधीक्षक को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देश दिया कि रात्रिकालीन पाली में चिकित्सकों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्थिति में अस्पताल में चिकित्सा सेवा बाधित न हो। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में रात्रिकालीन ड्यूटी में चिकित्सकों की अनुपस्थिति पाई जाती है, तो संबंधित चिकित्सक एवं अस्पताल उपाधीक्षक के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि सभी अस्पतालों में एम्बुलेंस सेवाओं का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए एवं प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र को एम्बुलेंस सुविधा से टैग किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन चिकित्सकों की पदस्थापना सरायकेला-खरसावाँ जिले में है, किन्तु वे जिले के बाहर निवास करते हैं, उन्हें हाउस रेंट अलाउंस की सुविधा न दी जाए तथा उन्हें सरकारी आवास में आवंटित कर अस्पताल परिसर या निकट क्षेत्र में निवास सुनिश्चित किया जाए, ताकि उनकी उपलब्धता हर समय बनी रहे। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन आम नागरिकों को सुगम, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। स्वास्थ्य व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।