सरायकेला-खरसावां में “स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025” के तहत सामूहिक श्रमदान कार्यक्रम आयोजित

सरायकेला, 25 सितंबर : “स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025” के तहत गुरुवार को जिले भर में राष्ट्रीय स्तर पर “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” सामूहिक श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रखंडों और पंचायतों में स्वच्छता से जुड़ी विविध गतिविधियाँ संपन्न हुईं।
अभियान के तहत सफाई अभियान, स्वच्छता रैली, वृक्षारोपण एवं स्वच्छता शपथ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूह (SHG), ग्रामीण जन एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के दौरान यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल एक दिन का आयोजन न होकर निरंतर जनआंदोलन का रूप ले। हर नागरिक को व्यक्तिगत और सामूहिक रूप से अपने परिवेश को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी निभानी होगी। विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित सफाई, ग्राम एवं वार्ड स्तर पर स्वच्छता समितियों की सक्रियता, कचरा प्रबंधन और प्लास्टिक उन्मूलन जैसे प्रयासों को अभियान की सफलता का आधार बताया गया।
इस अवसर पर नागरिकों को जागरूक करते हुए कहा गया कि स्वच्छता जीवन शैली का हिस्सा है, जो स्वास्थ्य, पर्यावरण और समाज के लिए आवश्यक है। छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े बदलाव ला सकते हैं और स्वच्छ व स्वस्थ समाज की नींव रख सकते हैं।



