बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत संवाद व सम्मान समारोह आयोजित

Manbhum Updates
2 Min Read

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत संवाद व सम्मान समारोह आयोजित

सरायकेला, 11 अक्टूबर : अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर शनिवार को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत समाहरणालय सभाकक्ष में एक संवाद एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। उपायुक्त जयवर्धन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को सम्मानित करना एवं समाज में बालिका शिक्षा, संरक्षण और सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता फैलाना था।

कार्यक्रम के दौरान अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार द्वारा उपस्थित छात्राओं, अभिभावकों एवं अधिकारियों को “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” के प्रति जागरूकता और प्रतिबद्धता की शपथ दिलाई गई। शपथ में उपस्थित जनों ने यह संकल्प लिया कि वे बालिकाओं के जन्म, शिक्षा और सशक्तिकरण के प्रति समाज में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करेंगे तथा कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन में सहयोग करेंगे।

अपर उपायुक्त ने अभिभावकों से संवाद करते हुए उनसे बेटियों की आगे की शिक्षा, उनकी चुनौति व समाधान के संबंध में सुझाव लिए। उन्होंने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों की आकांक्षाओं को समझें और उन्हें उनके रुचि के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने किशोरियों से कहा कि वे अपनी रुचि के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करें और पूरे समर्पण एवं लगन के साथ उसकी प्राप्ति के लिए प्रयासरत रहें। उन्होंने कहा कि हर बेटी में नेतृत्व, सृजनशीलता और परिवर्तन की क्षमता है। जरूरत केवल उसे विश्वास और अवसर देने की है।

कार्यक्रम में मैट्रिक एवं इंटर (साइंस, कॉमर्स एवं आर्ट्स) में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली तथा मिनी राष्ट्रीय तीरंदाजी चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाली बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र, स्मार्टफोन एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित थे।

Share This Article