बार भवन के लिए दूसरी जमीन आवंटित करने की मांग पर अधिवक्ताओं ने सौंपा पत्र

चांडिल, 30 अगस्त : चांडिल अनुमंडल परिसर में बार भवन निर्माण के लिए जमीन आवंटित में सुधार कराते हुए दूसरी जमीन पर भवन निर्माण के लिए पुनः आदेश दिलाने की मांग पर अधिवक्ताओं ने चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी और अंचल अधिकारी को पत्र सौंपा है। चांडिल अनुमंडल बार एसोसिएशन द्वारा सौंपे गए पत्र में बताया गया है कि चांडिल अनुमंडल वर्ष 2003 को बना है। जहां जनहित में अधिवक्तागण कार्य निष्पादन करते हुए आ रहे हैं। वर्ष 2022 में सिविल न्यायालय भी खुला, लेकिन वर्त्तमान समय में अधिवक्ताओं के हित में बार भवन निर्माण के लिए जहां जमीन आवंटित की गई है, वो न्यायालय से काफी दूर है।
वर्तमान में मौजा गांगुडीह के खाता नंबर 269 के प्लॉट नंबर 56, 66, 67 और 69 में कुल 20 डीसमील जमीन बार भवन के लिए चिन्हित किया गया है। अधिवक्ताओं ने इसके बदले मौजा गांगुडीह के खाता नंबर 151 के प्लॉट नंबर 100 में कुल 19.28 डीसमील जमीन आवंटित करने की मांग कर रहे हैं। पत्र में पूर्व में तफशील विवरणी को सुधार करते हुए चांडिल बार भवन निर्माण नई तफशील वर्णित जमीन को चिन्हित कराते हुए आदेश दिलाने की मांग की गई है।



