21 मार्च को सीतारामडेरा से निकलेगी भव्य सरहुल शोभायात्रा, 50 हजार से अधिक लोग होंगे शामिल

जमशेदपुर, 12 मार्च : जमशेदपुर में 21 मार्च को सरहुल शोभा यात्रा हर्षोल्लास के साथ निकली जाएगी। यह निर्णय केंद्रीय सरहुल पूजा समिति की बैठक में लिया गया। सरना भवन, सीतारामडेरा में सुखराम लकड़ा (लाइसेंसी) की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 21 मार्च 2026 को सीतारामडेरा से सरहुल शोभायात्रा हर्षोल्लास के साथ निकाली जाएगी।
समिति की ओर से बताया गया कि इस वर्ष शोभायात्रा में शामिल दलों के बीच बेस्ट ड्रेस कोड और बेस्ट अनुशासन के लिए विशेष पुरस्कार भी दिए जाएंगे, जिससे प्रतिभागियों में उत्साह बढ़ेगा और पारंपरिक संस्कृति का बेहतर प्रदर्शन होगा। सरहुल शोभायात्रा में लगभग 50 हजार की संख्या में अनुसूचित जाति एवं जनजाति समुदाय के लोग शामिल होंगे। इसमें उरांव, हो, मुंडा, तुरी, भुईयां, मुखी सहित अन्य समाज के महिला-पुरुष, बच्चे और बच्चियां अपने पारंपरिक परिधान और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ भाग लेंगे।
शोभायात्रा सीतारामडेरा से प्रारंभ होकर एग्रीको गोलचक्कर, तीन नंबर गोलचक्कर, भालुबासा गोलचक्कर, भगवान बिरसा मुंडा गोलचक्कर साकची, बसंत टाकीज रोड, हावड़ा ब्रिज, आरडी टाटा गोलचक्कर, गोलमुरी गोलचक्कर और आकाशदीप प्लाजा होते हुए पुनः सीतारामडेरा में समाप्त होगी। शोभायात्रा मार्ग के विभिन्न चौक-चौराहों पर प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक संरक्षण का संदेश देते हुए सरना झंडा और बैनर लगाए जाएंगे।
बैठक में मुख्य रूप से राकेश उरांव, सुरा बिरुली, राजन कुजूर, नंदलाल पातर, राजेश कंडेयोंग, प्रकाश कोया, बुधराम खलखो, उपेंद्र बानरा, किशोर लकड़ा, प्रेम सामड, बुधु खलखो, संतोष लकड़ा, लखींद्र लकड़ा, शालू लकड़ा, डिबर पुरती, लालमोहन जामुदा, रघुनाथ मुंडा, शंभू मुखी, दुर्गा मुनी, राहुल सांडिल, अनिल गागराई, सोमा कोया, कंचन तिर्की सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।



