कपाली में नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त, एक गिरफ्तार

Manbhum Updates
3 Min Read

कपाली में नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त, एक गिरफ्तार

चांडिल, 19 सितंबर : दुर्गा पूजा से पूर्व अवैध शराब कारोबार पर रोक लगाने के अभियान के तहत कपाली ओपी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली अंग्रेजी शराब बनाने वाली मिनी फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकली शराब, निर्माण सामग्री, तीन वाहन और हथियार बरामद किए हैं।

गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चांडिल अरविंद बिन्हा के नेतृत्व में गुरुवार को कपाली ओपी पुलिस ने तमुलिया स्थित आस्था वैली में छापेमारी की। इस दौरान अजय गोप उर्फ कन्हैया गोप को अवैध शराब की खेप ले जाते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से स्कॉर्पियो, स्विफ्ट और टाटा इंडिगो कारों में लदी कुल 19 कार्टून नकली अंग्रेजी शराब (273 पीस) जब्त की गई।

गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर आस्था वैली के B/26 स्थित किराए के डुप्लेक्स में चल रही मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया। वहां से बिक्री के लिए तैयार 312 बोतल, 60 लीटर शराब, स्प्रिट, झारखंड सरकार का मोनोग्राम, विभिन्न कंपनियों के लेबल, स्टीकर, खाली बोतलें, ढक्कन, फ्लेवर, अल्कोहल मीटर, हाइड्रो मीटर और हॉट एयर गन सहित शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण जब्त किए गए। तलाशी के दौरान आरोपी के कमरे से एक देशी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए।

पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर चलाए जा रहे इस विशेष अभियान का उद्देश्य दुर्गा पूजा से पहले जिले में अवैध शराब की आपूर्ति और बिक्री पर अंकुश लगाना है। जांच में सामने आया कि आरोपी आगामी त्योहार को देखते हुए नकली अंग्रेजी शराब तैयार कर उसे सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर के होटल, ढाबों और दुकानों में खपाने की योजना बना रहा था।

पुलिस ने इस मामले में चांडिल (कपाली ओपी) थाना में एफआईआर दर्ज कर विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू की है। वहीं, अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

बरामदगी की मुख्य वस्तुएं

कुल 585 पीस (267.63 लीटर) नकली अंग्रेजी शराब, तीन वाहन (स्कार्पियो JH05DF 8055, स्विफ्ट A/F, इंडिगो JH05BU 2775), देशी कट्टा और 5 जिंदा कारतूस, शराब बनाने के उपकरण, लेबल, स्टीकर और खाली बोतलें बरामद किया गया है।

छापेमारी दल में शामिल अधिकारी

एसडीपीओ चांडिल अरविंद बिन्हा, कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार, पु.अ.नि. रंजीत कुमार सिंह, पु.अ.नि. हसनैन अंसारी और टाइगर मोबाइल के जवान शामिल थे।

Share This Article