कपाली में विदेशी ब्रांड की नकली शराब फैक्ट्री उजागर – पुलिस की बड़ी कार्रवाई

Manbhum Updates
2 Min Read

कपाली में विदेशी ब्रांड की नकली शराब फैक्ट्री उजागर – पुलिस की बड़ी कार्रवाई

चांडिल, 19 सितम्बर : दुर्गा पूजा से पहले अवैध शराब कारोबार पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कपाली पुलिस ने बुधवार को ऐसी सफलता हासिल की, जिसने पूरे इलाके को चौंका दिया। सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत तामुलिया स्थित आस्था वैली नामक एक पॉश सोसाइटी के डुप्लेक्स से  नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का खुलासा हुआ है।

सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना पर की गई छापेमारी में पुलिस ने न सिर्फ भारी मात्रा में केमिकल, खाली बोतलें, ढक्कन और लेबल बरामद किए, बल्कि झारखंड सरकार के असली जैसे दिखने वाले होलोग्राम स्टिकर और कई वाहन भी जब्त किए। मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी गई है।

इस कार्रवाई के बाद नकली शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा है। पुलिस अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि मामले की विस्तृत जानकारी और पूरे नेटवर्क के बारे में आज जिला मुख्यालय से खुलासा किया जाएगा।

गौर करने वाली बात यह है कि महज दो दिन पहले नीमडीह पुलिस ने भी एक मिनी नकली शराब फैक्ट्री का पर्दाफाश किया था। लगातार हो रही ये कार्रवाइयाँ साफ संकेत देती हैं कि सरायकेला-खरसावां पुलिस त्योहार के पहले नकली शराब माफियाओं को किसी भी कीमत पर बख्शने के मूड में नहीं है।

फिर भी बड़ा सवाल यही है कि एक उच्च वर्गीय सोसाइटी के बीचोंबीच महीनों से चल रही यह फैक्ट्री आखिर किसके संरक्षण में फल-फूल रही थी। इसका जवाब फिलहाल जांच पूरी होने के बाद ही मिल पाएगा।

Share This Article