खूंटी में होगा विधिज्ञ परिषद भवन का शिलान्यास, मुख्यमंत्री और मुख्य न्यायाधीश रहेंगे उपस्थित
खूंटी, 16 सितम्बर : खूंटी जिला मुख्यालय में आज 16 सितम्बर को एक ऐतिहासिक अवसर बनने जा रहा है। शाम 4 बजे खूंटी कचहरी मैदान में विधिज्ञ परिषद भवन का शिलान्यास होगा। इस कार्यक्रम में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन और झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश तरलोक सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान चांडिल एवं चाईबासा बार भवन का भी शिलान्यास वर्चुअल माध्यम से किया जाएगा। जिला प्रशासन ने इस भव्य आयोजन के लिए सभी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं।
उपायुक्त आर. रॉनिटा और पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो ने संयुक्त रूप से प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधिकारियों की बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आगंतुक अतिथियों एवं आम नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए और अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता से करें।
जिला प्रशासन की ओर से मंच व्यवस्था, स्वागत एवं प्रोटोकॉल, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा से जुड़ी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। उपायुक्त ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने और अतिथियों के स्वागत हेतु सभी विभाग सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
इस आयोजन को खूंटी जिला एक बड़े गौरवपूर्ण क्षण के रूप में देख रहा है, क्योंकि मुख्यमंत्री और मुख्य न्यायाधीश की संयुक्त उपस्थिति जिले के न्यायिक एवं प्रशासनिक विकास के लिए ऐतिहासिक साबित होगी।