चांडिल : काठजोड़ में डायरिया पर काबू – अधेड़ की मौत के बाद प्रशासन हरकत में, जलस्रोतों में किया ब्लीचिंग छिड़काव

चांडिल, 09 सितंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड अंतर्गत दलमा तराई क्षेत्र के काठजोड़ गांव में डायरिया का प्रकोप धीरे-धीरे नियंत्रण में आता दिख रहा है। सोमवार को डायरिया से एक अधेड़ ग्रामीण की मौत होने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और मंगलवार को राहत की बात यह रही कि एक भी नया मरीज सामने नहीं आया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम डॉक्टर वनबिहारी महतो के नेतृत्व में गांव पहुंची और पीड़ितों की जांच की। डॉक्टर ने ग्रामीणों को ताजे भोजन, गर्म पानी और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। साथ ही सभी ग्रामीणों को एहतियातन ओआरएस पैकेट और दस्त की दवा भी वितरित की गई।
डायरिया के कारणों की जांच के लिए मंगलवार को चांडिल पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सहायक अभियंता भी गांव पहुंचे। उन्होंने सभी पेयजल स्रोतों की जांच कर उनमें ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करवाया। इस दौरान मुखिया करुणा सिंह भी मौजूद रहीं। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों से पानी को उबालकर पीने और जलस्रोतों के आसपास सफाई बनाए रखने की अपील की।
गौरतलब है कि सोमवार को डायरिया पीड़ित मुरली सिंह सरदार की मौत हो गई थी। पांच मरीजों को गंभीर स्थिति में एमजीएम जमशेदपुर भेजा गया था, जबकि अन्य का इलाज गांव में ही चल रहा है। मंगलवार की जांच में सभी मरीजों की हालत सामान्य पाई गई और कोई नया मामला सामने नहीं आया।



