चिलगु में हादसा: पत्थर खदान में डूबने से युवक की मौत
चांडिल, 08 सितम्बर : चांडिल थाना क्षेत्र के चिलगु में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, 407 वैन वाहन सहित चालक एक पुराने पत्थर खदान में डूब गया। खदान कई वर्षों से बंद है और इसमें गहरा पानी भरा हुआ था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के वक्त 407 वैन खदान के समीप खड़ा था और उसका वास्तविक चालक कहीं गया था। इसी दौरान चिलगु निवासी आकलू गोराई अचानक वाहन पर चढ़ गया और उसे चालू करने का प्रयास करने लगा, जबकि वह दूसरे वाहन का चालक था। वैन पहले से गियर में था। आकलू गोराई ने गाड़ी को न्यूट्रल किए बिना स्टार्ट कर दिया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सीधे खदान की ओर बढ़ गया और गहरे पानी में समा गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना चांडिल पुलिस को दी। वहीं, ग्रामीणों ने मृतक के शव को बाहर निकाल लिया है।