ईद मिलाद-उन-नबी पर कांग्रेस ने दी शुभकामनाएं, भाईचारे और एकता पर दिया जोर

चांडिल, 05 सितंबर : ईद-मिलाद-उन-नबी के अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस नगर समिति, कपाली की ओर से मुस्लिम समुदाय सहित समस्त नागरिकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर समिति के उपाध्यक्ष फैज़ जसीम ने कहा कि यह पवित्र दिन हमें पैगंबर हज़रत मुहम्मद साहब की करुणा, न्याय, समानता और भाईचारे की शिक्षाओं की याद दिलाता है, जो पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक हैं।
उन्होंने कहा कि पैगंबर का जीवन एकता, शांति और सेवा का प्रतीक है और आज की परिस्थितियों में यह मूल्य और भी अधिक प्रासंगिक हो जाते हैं। कांग्रेस पार्टी हमेशा धर्मनिरपेक्षता, समावेशिता और सामाजिक समरसता के आदर्शों पर कायम रही है तथा हर नागरिक के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
फैज़ जसीम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मुस्लिम समाज के साथ खड़ी है और अंतर-धार्मिक संवाद को प्रोत्साहित करती है, ताकि एक ऐसे समाज का निर्माण हो, जहाँ सभी समुदाय मिलजुलकर आगे बढ़ सकें। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि ईद मिलाद-उन-नबी के मौके पर प्रेम, दया और सद्भावना का संदेश फैलाएं और राष्ट्र को और अधिक मजबूत एवं समृद्ध बनाने में योगदान दें।



