कुकडू में गणेश पूजा पर सप्ताहव्यापी मेला, सुदेश महतो ने किया रंगारंग कार्यक्रम का उद्घाटन

कुकडू, 03 सितंबर : गणेश पूजा के अवसर पर सरायकेला-खरसावां जिले के कुकडू हाट तोला में सप्ताहव्यापी मेला का आयोजन किया गया है। इसी कड़ी में बुधवार को एक भव्य रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मानभूम भाषा के प्रसिद्ध गायक कुंदन कुमार एवं उनकी टीम ने अपनी प्रस्तुति देकर उपस्थित दर्शकों का मनोरंजन किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरे लाल महतो ने संयुक्त रूप से किया।
इस मौके पर पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक साव उर्फ मांझी साव, आजसू केंद्रीय महासचिव सत्यनारायण महतो उर्फ माकड़ महतो, दुर्गा महतो, भाजपा कार्यकारिणी सदस्य डॉ जटाशंकर पांडेय, भाजपा नेता प्रशांत पोद्दार, अरुण महतो, दुर्योधन गोप, गोपेश महतो, दिलीप दास समेत बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
धार्मिक व सांस्कृतिक समागम बना कुकडू : सुदेश महतो
दर्शकों को संबोधित करते हुए आजसू पार्टी के प्रमुख सुदेश महतो ने कहा कि गणेश पूजा के अवसर पर आयोजित सप्ताहव्यापी मेला और इसके दौरान होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम क्षेत्रवासियों के लिए धार्मिक एवं सांस्कृतिक समागम का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि इससे लोगों को न केवल अध्यात्म से जुड़ने का अवसर मिला है बल्कि अपनी संस्कृति और परंपराओं से भी नाता मजबूत करने का मौका मिला है।
सुदेश महतो ने मेला कमिटी के साथ-साथ सभी उपस्थित लोगों को गणेश पूजा और करम पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसर पर हम सभी को एकजुट होने और एक मंच पर बैठने का अवसर मिलता है, इसलिए ऐसे आयोजनों में सभी को बढ़ चढ़कर भाग लेना चाहिए।



