राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में सरायकेला-खरसावां जिले को मिले 2 मेडल

चांडिल, 01 सितंबर : झारखंड राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में पहली बार शामिल हुए सरायकेला-खरसावां जिले की टीम को दो मेडल मिले हैं। मेडल मिलने से जिले के खिलाड़ी काफी उत्साहित है। बोकारो सेक्टर 4 डीपीएस स्कूल में आयोजित छठा झारखंड राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हुआ। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पहली बार शामिल हुए सरायकेला-खरसावां जिला से कुल पांच प्रतिभागी शामिल हुए। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो ब्रोंज मेडल जिले के नाम किया।
पदक जीतने वाले प्रतिभागियों में प्रवीण कुमार महतो ने सब जूनियर बालक वर्ग के फॉरवर्ड बैंड इंडिविजुअल प्रतियोगिता में ब्रोंज और ट्रेडीशनल योगासना इवेंट में चौथा स्थान हासिल किया। वहीं मामनी महतो ने सब जूनियर बालिका वर्ग के बैक बैंड इंडिविजुअल इवेंट में ब्रोंज मेडल जीता। उक्त जानकारी जिला योगासन खेल संघ सरायकेला के सचिव रेंजर सिंह सरदार ने दिया। उन्होंने बताया कि यह उपलब्धि जिला के लिए बहुत ही गर्व की बात है। इस उपलब्धि पर जिला योगासन खेल संघ सरायकेला के अध्यक्ष आनंद महतो, उपाध्यक्ष नंद किशोर झा, कोषाध्यक्ष रूबी कुमारी, संयुक्त सचिव प्रेमाशीष महतो आदि ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



