आत्मा शासकीय निकाय की बैठक में उपायुक्त ने किया पुस्तक का विमोचन

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

आत्मा शासकीय निकाय की बैठक में उपायुक्त ने किया पुस्तक का विमोचन

खूंटी, 29 अगस्त : खूंटी जिला समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त आर. रॉनिटा की अध्यक्षता में आत्मा शासकीय निकाय की बैठक हुई। बैठक में उपायुक्त ने कृषि, उद्यान, पशुपालन एवं मत्स्य विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। वर्ष 2024-25 के तहत संचालित कार्यक्रमों एवं योजनाओं की उपलब्धियों का आकलन करते हुए उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 हेतु स्वीकृत कार्ययोजना के सफल क्रियान्वयन पर बल दिया। बैठक में उन्होंने जिले में अच्छी खेती के लिए किसानों को विभिन्न जिलों एवं अंतर राज्य के जिलों में प्रशिक्षण के लिए भेजने को लेकर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिया। जिससे किसान प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने खेती में नई विधि और नई तकनीक को अपनाते हुए गुणवत्तापूर्ण खेती कर सके।

इस अवसर पर कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण ‘आत्मा’ खूेटी एवं जिला कृषि विज्ञान केंद्र खूंटी द्वारा संयुक्त रूप से तैयार किए गए “खूंटी जिले के लिए जलवायु आधारित सब्जियों तथा मोटे अनाजों की खेती” नामक पुस्तक का उपायुक्त द्वारा विमोचन किया गया। इस पुस्तक के माध्यम से किसानों को खेती से जुड़े कई महत्वपूर्ण जानकारी के अलावा जलवायु आधारित खेती करने में सहयोग मिलेगा। बैठक में मुख्य रूप से परियोजना निदेशक आत्मा, डीडीएम नाबार्ड, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी, उप परियोजना निदेशक आत्मा, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक, कृषक प्रतिनिधि, समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article