पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 36 लाख का अवैध डोडा चूर्ण बरामद

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 36 लाख का अवैध डोडा चूर्ण बरामद

खूंटी, 26 अगस्त : नशीले पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में झारखंड पुलिस आए दिन बड़ी सफलता प्राप्त कर रही है। नशीले पदार्थों के कारोबार को जड़ से नष्ट करने की दिशा में पुलिस को सफलता मिलने से ऐसा माना जा रहा है कि जल्द ही झारखंड के युवा पीढ़ी को नशे की चपेट में आने बचा लिया जाएगा।

ताजा मामला खूंटी का है। खूंटी पुलिस ने सोमवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर सायको थाना क्षेत्र से नशा माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक मारुति वैन (नं० BR-14S-2122) से 242 किलोग्राम अवैध डोडा चूर्ण बरामद किया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 36 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, 25 अगस्त की रात्रि पुलिस अधीक्षक, खूंटी को सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर अवैध डोडा चूर्ण को वाहन के माध्यम से सायको थाना क्षेत्र से बाहर ले जाने की फिराक में हैं। जानकारी मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) वरुण रजक के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारंगहदा मौह के पास संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया। हालांकि, वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन की तलाशी में 12 प्लास्टिक बोरे में पैक कुल 242 किलो डोडा चूर्ण बरामद किया।

इस मामले में सायको थाना में एनडीपीएस एक्ट की धारा 15(सी)/25-1985 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फरार अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

इस छापेमारी अभियान में पुलिस ने 242 किलोग्राम अवैध डोडा चूर्ण (अनुमानित मूल्य ₹36,30,000/-) तथा एक मारुति वैन को बरामद किया है।

छापेमारी टीम में एसडीपीओ वरुण रजक, सायको थाना प्रभारी प्रभात रंजन पाण्डेय, हवलदार प्रदीप सागा, सुभीत कुजूर, आरक्षी हेमंत कुमार, तालेश्वर राम आदि शामिल थे।

खूंटी पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार से जुड़े अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Share This Article