आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत जिला स्तरीय उन्मुखीकरण बैठक सह कार्यशाला आयोजित

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

आदि कर्मयोगी अभियान अंतर्गत जिला स्तरीय उन्मुखीकरण बैठक सह कार्यशाला आयोजित

खूंटी, 26 अगस्त : खूंटी जिला समाहरणालय स्थित सभागार में मंगलवार को “आदि कर्मयोगी अभियान” के तहत जिला स्तरीय उन्मुखीकरण बैठक सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त आर राॅनिटा ने कहा कि “आदि कर्मयोगी अभियान” के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में कार्यरत कर्मयोगियों को प्रशिक्षित कर जनजातीय क्षेत्रों में विकास पहलों को बढ़ावा देना और शासन को अधिक प्रभावी बनाना है। जिससे समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों से सक्रिय रूप से प्रशिक्षण सत्र में भाग लेने एवं कार्यशाला में दिए गए जानकारी को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में लागू करने का आह्वान किया। इस अभियान के तहत जिला स्तर पर मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षित किया जाएगा, जो आगे चलकर प्रखंड स्तर पर ब्लॉक लेवल ट्रेनर को प्रशिक्षित करेंगे और जनजातीय समुदायों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उपायुक्त ने कहा कि सामुहिक सहभागिता से योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। प्रखंडों में नियमित बैठक आदि के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, आपूर्ति, कल्याण, समाज कल्याण समेत लाइन डिपार्टमेंट से जुड़े समस्याओं एवं योजनाओं और जरुरतों को चिन्हित करें तथा कार्ययोजना के तहत क्षेत्र का सर्वांगीण विकास में संकल्पित भाव से अपना योगदान दें।

बैठक सह कार्यशाला में उपस्थित विभिन्न विभागों के प्रतिभागियों को “आदि कर्मयोगी अभियान” योजना की विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि यह योजना जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत एक प्रमुख घटक के रूप में चलाई जा रही है। इसका उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों में अंतिम छोर तक सेवा वितरण में तेजी लाना, स्थानीय संस्थानों को सशक्त बनाना तथा सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्रत्येक योग्य व्यक्ति तक पहुँचाना है। खूंटी जिले के सभी 6 प्रखंड अंतर्गत चयनित जनजातीय गांव में इसके सफल क्रियान्वयन हेतु विभिन्न विभागों के प्रतिभागियों को विस्तृत जानकारी दी गई, साथ हीं कार्यप्रणाली एवं समाज में जागरूकता फैलाने की दिशा में उपयोगी मार्गदर्शन एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। वहीं कार्यशाला के अंत में प्रतिभागियों को निष्ठापूर्वक एवं पूरी ईमानदारी से कार्य करने हेतु शपथ भी दिलाई गई।

इस बैठक सह कार्यशाला में उप विकास आयुक्त आलोक कुमार, परियोजना निदेशक आइटीडीए अलोक शिकारी कच्छप, जिला कल्याण पदाधिकारी प्रमोद राम, सिविल सर्जन डॉ एन मांझी समेत विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता एवं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article