रांची में जनसंख्या अनुसंधान केंद्र खोलने की मांग, सांसद संजय सेठ ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से की मुलाकात

रांची, 21 अगस्त : केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे०पी० नड्डा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) में जनसंख्या अनुसंधान केंद्र खोले जाने की मांग को लेकर एक आग्रह पत्र सौंपा।
सांसद सेठ ने स्वास्थ्य मंत्री को अवगत कराया कि रिम्स में हर वर्ष झारखंड सहित बिहार, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा और छत्तीसगढ़ से लाखों मरीज इलाज के लिए आते हैं। इतना बड़ा संस्थान होने के बावजूद यहां स्वास्थ्य, मातृ-शिशु मृत्यु दर, जनसंख्या वृद्धि और परिवार कल्याण जैसे विषयों पर शोध और विश्लेषण का अभाव है, जिससे कई कार्य प्रभावित होते हैं।
उन्होंने कहा कि रिम्स में जनसंख्या अनुसंधान केंद्र की स्थापना से न केवल झारखंड बल्कि आसपास के राज्यों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। सांसद की इस मांग पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया है।



