सीएम हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन को दी श्रद्धांजलि

जमशेदपुर, 20 अगस्त : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की विधायक कल्पना सोरेन बुधवार को जमशेदपुर पहुंचे। यहां उन्होंने स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री दिवंगत रामदास सोरेन के घोड़ाबांधा स्थित आवास जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत मंत्री की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और उनकी स्मृतियों को याद करते हुए गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस कठिन समय को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
सीएम हेमंत सोरेन ने इस अवसर पर भावुक होते हुए कहा, “दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के निधन के बाद रामदास सोरेन जी के इस तरह चले जाने की पीड़ा मेरे लिए असहनीय है। पार्टी और समाज ने एक निष्ठावान, सरल और जुझारू नेता खो दिया है।”

इस दौरान विधायक कल्पना सोरेन ने भी दिवंगत नेता को याद करते हुए उन्हें आदिवासी समाज और झारखंड आंदोलन का सच्चा सिपाही बताया। उन्होंने कहा कि रामदास सोरेन का योगदान झारखंड की राजनीति और समाज में हमेशा याद किया जाएगा।
गौरतलब है कि रामदास सोरेन का 15 अगस्त को दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया था। उनके निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का मानना है कि झारखंड ने एक कर्मठ नेता खो दिया है, जिनकी कमी लंबे समय तक खलती रहेगी।



